गोण्डा(हनुमान शरण पांडे): – कलेक्ट्रेट जनता दर्शन में प्राप्त शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने उसके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए नगर मजिस्ट्रेट गोण्डा को निर्देश दिये हैंनगर मजिस्ट्रेट के कुशल निर्देशन में आबकारी विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के ग्राम खीराभा में व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में संचालित अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाना तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना।संयुक्त टीम द्वारा ग्राम खीराभा में संदिग्ध स्थलों पर सघन दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान दो स्थानों पर अवैध कच्ची शराब की भट्ठियां संचालित होती हुई पाई गईं। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों भट्ठियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया, जिससे अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सका। तलाशी अभियान के दौरान लगभग 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त लगभग 400 किलोग्राम लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि भविष्य में उसका किसी भी प्रकार से दुरुपयोग न हो सके।







