पंचकूला ( दिया रघुवंशी ) :पंचकूला के बरवाला खंड के गांव बतौड़ स्थित HMT कॉलोनी में वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या के समाधान के लिए लगाए गए नए ट्यूबवेल का उद्घाटन आज हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने मोटर का बटन दबाकर किया।
इस अवसर पर श्री गुप्ता ने कहा कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता रही है। HMT कॉलोनी के निवासी लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे थे। स्थिति यह थी कि लोगों को पानी के लिए देर रात 12 बजे तक इंतजार करना पड़ता था, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कॉलोनीवासियों की इस वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए आज नए ट्यूबवेल का शुभारंभ किया गया, जिससे क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।ट्यूबवेल के उद्घाटन के बाद कॉलोनीवासियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने श्री ज्ञानचंद गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी पहल से क्षेत्र की एक बड़ी समस्या का स्थायी समाधान हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास कार्य इसी प्रकार निरंतर जारी रहेंगे।इस दौरान ग्रामीणों एवं कॉलोनीवासियों ने श्री गुप्ता के समक्ष क्षेत्र की अन्य समस्याएं भी रखीं। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में गलियों के निर्माण का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। संबंधित ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किए जाने के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने मांग की कि संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश देकर अधूरी गलियों का निर्माण शीघ्र पूरा करवाया जाए। साथ ही यदि संबंधित ठेकेदार कार्य पूरा नहीं करता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट किया जाए तथा आवश्यकतानुसार एफआईआर दर्ज की जाए। ज्ञानचंद गुप्ता ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों एवं समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा तथा शीघ्र समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।इस अवसर पर बतौड़ सरपंच प्रतिनिधि श्री संदीप राणा, मंडल अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र संधू, मंडल महामंत्री श्री राहुल राणा, बरवाला सरपंच श्री ओम सिंह, पूर्व चेयरमैन श्री अशोक शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष श्री गौतम राणा, श्री ओम प्रकाश शास्त्री, श्री नरेश तिब्बी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







