पांचवा आयाम ( जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या। विचारों की धार, शब्दों की ताकत और तर्कों के दम पर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। रोटरी क्लब के तत्वावधान में गुरुवार को आयोजित निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी बौद्धिक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल का परिचय दिया। एसएसवी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दोनों प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया, जबकि शिक्षकों को सम्मानित किया गया।एसएसवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मणिशंकर तिवारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सफलता परिश्रम की मोहताज होती है। असफलता इस बात का प्रमाण नहीं कि किसी में योग्यता की कमी है, बल्कि यह अपनी कोशिशों को और बेहतर बनाने का संकेत है। विद्यार्थियों को असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के बल पर ही जीवन में सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं।
रोटरी क्लब के सचिव नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता के कक्षा नौ और दस वर्ग में एसएसवी के शेखर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। साहबदीन स्कूल की अंशिका द्वितीय, कनोसा की श्रेष्ठा पाल तृतीय और आर्य कन्या की खुशी मौर्य चतुर्थ स्थान पर रहीं। मिशन स्कूल की जिकरा फातिमा और महक श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से पांचवां स्थान हासिल किया।कक्षा 11 और 12 वर्ग में कनोसा की अवनी त्रिवेदी प्रथम, उदया की आर्या पाण्डेय द्वितीय, साहबदीन की अंशिका यादव तृतीय और एसएसवी के कार्तिकेय मिश्रा चतुर्थ स्थान पर रहे। उदया की समृद्धि मौर्य और साहबदीन की खुशी तिवारी ने संयुक्त रूप से पांचवां स्थान प्राप्त किया।इसके बाद आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने अपनी वाक्-पटुता और तर्क क्षमता का प्रदर्शन किया। कक्षा नौ और दस वर्ग में ‘गांव का जीवन प्रत्येक दशा में लाभकारी है’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में उदया की आर्या पाण्डेय ने प्रथम, कनोसा की अवनी द्विवेदी ने द्वितीय और कनोसा की श्रेष्ठा पाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।कक्षा 11 और 12 वर्ग में ‘वर्तमान परिवेश में हिंदी का भविष्य उज्ज्वल है’ विषय पर विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे। इस वर्ग में कनोसा की कशफ फात्मा प्रथम, उदया की नंदनी त्रिपाठी द्वितीय और एसएसवी के ऋषभ तिवारी तृतीय स्थान पर रहे।प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. सरोज, डॉ. पीएन शुक्ला और एसएसवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मणिशंकर तिवारी शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन रवि प्रकाश श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष मनोज कुमार अग्रवाल, चेयरमैन अमित रस्तोगी, डायरेक्टर विजय कुमार आचार्या तथा शिक्षक अनुपम कुमार, नंद किशोर उपाध्याय और आशीष द्विवेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






