चण्डीगढ़ (तानिया रोहिल्ला) : हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण व मत्स्य पालन मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा के युवाओं को अच्छी शिक्षा, बेहतर कौशल, रोजगार के अवसर और आगे बढ़ने के लिए जरूरी सुविधाएं मिलें। इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा गंभीरता से काम किया जा रहा है। युवा के हाथ में जब हुनर होगा तो उसे रोजगार मिलेगा। इसके लिए सभी क्षेत्रों में कौशल के विकास पर जोर दिया जा रहा है। कृषि क्षेत्र में भी तकनीक का प्रयोग करते हुए रोजगार परक बनाया जाएगा, ताकि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा किया जा सके। श्याम सिंह राणा सोमवार को कैथल के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित रोजगार मेले में बतौर मुख्य अतिथि विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जीवन हमारे लिए प्रेरणादायक है। देश आज उनकी अगुवाई में विकसित राष्ट्र बनने की ओर अग्रसर है। मंत्री ने कहा कि हरियाणा की पहचान मेहनत, हिम्मत और प्रतिभा से है। हमारे प्रदेश के युवाओं ने शिक्षा, खेल, सेना, खेती, उद्योग और हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन किया है। आज का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बन सकता है। आज शिक्षा का मतलब केवल डिग्री लेना नहीं है। शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जिससे हमारे बच्चों में ज्ञान के साथ-साथ कौशल, आत्मविश्वास और नई सोच पैदा हो। आज का समय तकनीक का समय है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, विज्ञान, स्टार्टअप और नए-नए रोजगार के क्षेत्र तेजी से बढ़ रहे हैं। इसलिए हमारी सरकार की कोशिश है कि हरियाणा का युवा बदलते समय के साथ कदम से कदम मिलाकर चले। हरियाणा कौशल रोजगार मिशन के माध्यम से युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में प्रशिक्षण देने का काम किया जा रहा है। कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल से किसानों को जोड़ा गया, ताकि खेती के लिए सब्सिडी पर दी जाने वाली खाद का गैर कृषि कार्यों में प्रयोग न हो सके। आज प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। हम चाहते हैं कि हमारे युवा खेती को केवल परंपरागत काम के रूप में न देखें, बल्कि इसे आधुनिक व्यवसाय और उद्यमिता के अवसर के रूप में भी देखें। खेती में तकनीक आएगी, तो किसान की आमदनी बढ़ाने के नए रास्ते खुलेंगे। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन संघर्षपूर्ण रहा है। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें कई तरह के आयोजन किये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने ब्रिक्स सम्मेलन में साझा घोषणा पत्र जारी करवा कर 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान बढ़ाया है।







