रोटरी इंस्टॉलेशन समारोह में सेवा, संस्कार और नेतृत्व का अद्भुत संगम

अंबाला, (निखिल सोबती) :जब सेवा जीवन का उद्देश्य बन जाए और नेतृत्व समाज के प्रति उत्तरदायित्व का पर्याय बन जाए, तब समारोह केवल औपचारिक आयोजन नहीं रहते, बल्कि प्रेरणा के उत्सव बन जाते हैं। ऐसा ही प्रेरणादायी दृश्य गुरुवार सायं आर्य कॉलेज, अंबाला छावनी में देखने को मिला, जहाँ रोटरी क्लब ऑफ अंबाला एवं इनर व्हील क्लब ऑफ अंबाला का भव्य एवं गरिमामय इंस्टॉलेशन समारोह आयोजित किया गया।समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके पश्चात डीएवी पब्लिक स्कूल, अंबाला सिटी के विद्यार्थियों ने मधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। “मित्र भाव के इस सद्गुण से, हे ईश्वर हम सबको भर दो” भजन ने पूरे सभागार को मित्रता, करुणा एवं निःस्वार्थ सेवा की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन डॉ. नीना मल्होत्रा एवं पीपी रोटेरियन अनुराधा बक्शी ने कियासमारोह के मुख्य अतिथि गुजरात के माननीय राज्यपाल आचार्य देवव्रत एवं उनकी धर्मपत्नी दर्शना देवी का पुष्पगुच्छ भेंट कर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन डॉ. रीता कालरा, एसडीएम अंबाला दर्शन लाल, अनेक विशिष्ट अतिथियों तथा रोटरी इंटरनेशनल के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई।कार्यक्रम के दौरान इनर व्हील क्लब की गतिविधियों का अंतरराष्ट्रीय संदेश के माध्यम से परिचय कराया गया। नव-निर्वाचित अध्यक्ष रमन गुलाटी ने अपने कार्यकाल की योजनाओं की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य जागरूकता, सर्वाइकल कैंसर रोकथाम, रक्तदान, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंद कन्याओं के विवाह में सहयोग, स्कूल बैग वितरण, महिला सशक्तिकरण, भारतीय संस्कृति पर संवाद तथा विभिन्न सामाजिक सेवा परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने भारत विकास परिषद तथा इंडिया विजन फाउंडेशन के सहयोग से सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने की भी घोषणा की।समारोह का प्रमुख आकर्षण नई कार्यकारिणी का पदभार ग्रहण समारोह रहा। पारंपरिक कॉलर एवं पिन एक्सचेंज समारोह के बीच डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, जगाधरी गेट, अंबाला सिटी के प्रधानाचार्य डॉ. राधा रमण सूरी ने रोटरी क्लब ऑफ अंबाला के सचिव के रूप में पदभार ग्रहण किया, जिनका उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।इस अवसर पर सात नए सदस्यों को रोटरी परिवार में शामिल किया गया। इंस्टॉलेशन चेयरमैन पीपी रोटेरियन ए. डी. गांधी, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रीता कालरा एवं डिस्ट्रिक्ट डिप्टी गवर्नर रोटेरियन नरेश भारद्वाज ने उन्हें रोटरी पिन एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सदस्यता दिलाई। सभी नव-सदस्यों ने सेवा, सद्भाव, सत्यनिष्ठा एवं मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहने की शपथ ली।नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. विवेक मल्होत्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि, “नदियाँ अपना जल स्वयं नहीं पीतीं, वृक्ष अपने फल स्वयं नहीं खाते और दीपक स्वयं जलकर दूसरों का अंधकार दूर करता है। प्रकृति हमें सिखाती है कि जीवन का वास्तविक उद्देश्य दूसरों के लिए उपयोगी बनना है।” उन्होंने नए रोटरी वर्ष की विभिन्न सेवा परियोजनाओं एवं क्लब की भावी योजनाओं की भी जानकारी दी।डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन डॉ. रीता कालरा ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि संवेदनशीलता ही सेवा का प्रथम कदम है। उन्होंने जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक समरसता तथा मानवीय मूल्यों को रोटरी की प्रमुख प्राथमिकताएँ बताते हुए कहा कि “Service Above Self” प्रत्येक रोटेरियन के जीवन का मूल मंत्र होना चाहिए। उन्होंने “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” का संदेश देते हुए नई टीम को शुभकामनाएँ दीं।मुख्य अतिथि माननीय राज्यपाल आचार्य देवव्रत का प्रेरणादायी उद्बोधन समारोह का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण रहा। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ अंबाला का गौरवशाली इतिहास स्वतंत्रता-पूर्व काल से जुड़ा हुआ है तथा क्लब ने दशकों से निःस्वार्थ सेवा की परंपरा को निरंतर जीवित रखा है। उन्होंने रोटरी अस्पताल, मूक-बधिर विद्यालय, आधुनिक ब्लड बैंक, दिव्यांग बच्चों के सहयोग, सर्वाइकल कैंसर रोकथाम, नशा मुक्ति अभियान तथा अनेक जनकल्याणकारी परियोजनाओं की मुक्त कंठ से सराहना की।वैदिक दर्शन एवं महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों का उल्लेख करते हुए आचार्य देवव्रत ने कहा, “केवल अपनी उन्नति में संतुष्टि मत खोजिए, बल्कि सबकी उन्नति में अपनी उन्नति देखिए।” उन्होंने कहा कि धन-दौलत और भौतिक संपत्ति मनुष्य के साथ नहीं जाती, बल्कि उसके श्रेष्ठ संस्कार और सत्कर्म ही अमर रहते हैं। उन्होंने सभी रोटेरियनों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, समय, संसाधन एवं सामर्थ्य को समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित करें।समारोह का समापन नव-निर्वाचित सचिव डॉ. राधा रमण सूरी द्वारा प्रस्तुत प्रभावशाली धन्यवाद ज्ञापन, राष्ट्रगान तथा रात्रिभोज के साथ हुआ।यह इंस्टॉलेशन समारोह केवल नई कार्यकारिणी के पदभार ग्रहण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सेवा, संस्कार, नेतृत्व और मानवीय मूल्यों के प्रति नए संकल्प का प्रेरणादायी उत्सव बन गया। इस अवसर पर सभी उपस्थित जनों ने समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः दोहराते हुए मानवता के कल्याण हेतु निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

⚡ SHARE THIS POST
  • Related Posts

    कला चेतना पंचकूला की भजन संध्या में HCS अधिकारी आशुतोष राजन मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल

    पंचकूला (दिव्या राणा): कला चेतना पंचकूला और दिशा मार्ग द्वारा आयोजित भजन संध्या-2026 श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम में हरियाणा सिविल सर्विस (HCS) के…

    हरियाणवी संस्कृति को सहेजने की अनूठी पहल

    झज्जर : (राजकुमार):आधुनिकता की तेज रफ्तार में जहां हमारी पुरानी जीवनशैली, रीति-रिवाज और पारंपरिक रहन-सहन धीरे-धीरे अतीत की यादों में सिमटते जा रहे हैं, वहीं हरियाणवी संस्कृति की अनमोल विरासत…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *