पांचवा आयाम अयोध्या ( जसबीर/ सच कीरत सिंह): अयोध्यारेलवे ट्रैक के आसपास जरा-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इसी को लेकर उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने आमजन, ठेकेदारों और वाहन चालकों के लिए सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। मसौधा–अयोध्या कैंट रेलखंड पर रेलवे फाटक के निकट ट्रैक्टर के अनधिकृत रूप से ट्रैक पार करने के दौरान लोको पायलट की सूझबूझ और सतर्कता से संभावित बड़ा हादसा टल गया। समय रहते ट्रेन रोक दिए जाने से यात्रियों और रेल संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी।वहीं अटरामपुर–फाफामऊ रेलखंड पर एक जेसीबी के ट्रैक पार करने के दौरान रेल लाइन का लोहे का टुकड़ा ट्रैक पर आ गया, जिससे गुजर रही मालगाड़ी का इंजन उससे टकरा गया। घटना के कारण कुछ समय तक रेल संचालन प्रभावित रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित जेसीबी चालक के विरुद्ध रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।उत्तर रेलवे ने सभी नागरिकों, ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों से रेलवे ट्रैक के आसपास कार्य करते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। रेलवे ने कहा है कि ट्रैक पार करने के लिए केवल अधिकृत समपार फाटक, रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) अथवा रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) का ही उपयोग करें। रेलवे ट्रैक या उसके सुरक्षा क्षेत्र के पास किसी भी वाहन, मशीन अथवा निर्माण सामग्री को न रखें।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने कहा कि रेलवे ट्रैक के आसपास थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। सभी नागरिक रेल सुरक्षा नियमों का पालन करें और केवल अधिकृत मार्गों से ही रेलवे लाइन पार करें। उन्होंने कहा कि रेल सुरक्षा केवल रेलवे की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। आपकी सतर्कता हजारों रेल यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करती है।







