पंचकूला (नेहा पांडेय ):पंचकूला कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, हरियाणा द्वारा चलाए जा रहे खरीफ गुणवत्ता अभियान के अंतर्गत आज पंचकूला जिले में उर्वरक, बीज एवं कीटनाशकों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न विक्रेताओं एवं निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया गया।इस निरीक्षण दल में डॉ. नेहा, उप कृषि निदेशक (मुख्यालय) तथा डॉ. सुशील पुनिया, गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक (पंचकूला) शामिल रहे।निरीक्षण के दौरान किसान बीज भंडार, रायपुर रानी, भगमल कृष्ण कुमार फर्टिलाइजर एंड पेस्टिसाइड डीलर, रायपुर रानी तथा शर्मा सीड्स एंड पेस्टिसाइड्स स्टोर, बरवाला का निरीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त यूनाइटेड केमिकल लिमिटेड, मौली (बरवाला) तथा ऑर्गेनो ग्रीन्स, जसपुर (बरवाला) निर्माण इकाइयों का भी निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान 4 कीटनाशकों, 3 बीजों एवं 2 उर्वरकों के नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को परीक्षण हेतु अधिसूचित प्रयोगशालाओं में भेजा जाएगा। यदि कोई नमूना निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो संबंधित उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक अधिनियमों एवं नियमों के अंतर्गत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उप कृषि निदेशक, पंचकूला राकेश पोरिया ने बताया कि विभाग का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि आदान—बीज, उर्वरक एवं कीटनाशक उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों के बिल, स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों की भी जांच की गई। सभी विक्रेताओं को उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक अधिनियमों एवं नियमों का पूर्णतः पालन करने के निर्देश दिए गए। राकेश पोरिया ,उप कृषि निदेशक, पंचकुला ने विशेष रूप से चेतावनी दी कि उर्वरकों के साथ किसी अन्य उत्पाद की अनिवार्य टैगिंग को विभाग गंभीरता से लेगा तथा ऐसे मामलों में संबंधित विक्रेता के विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने यह भी बताया कि पंचकूला जिले में यूरिया एवं डीएपी उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा किसानों को किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। राज्य सरकार द्वारा प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (PACS) को उर्वरकों की उपलब्धता एवं भंडारण में प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सकें।







