पंचकुला: (राजकुमार) गुरु नानक देव जी के पावन प्रकाश उत्सव को समर्पित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, सेक्टर 7, पंचकूला की ओर से दोपहर 1:00 बजे एक महान नगर कीर्तन का आरंभ किया गया। इस धार्मिक आयोजन में संगत पंचकूला सहित मनीमाजरा, चंडीगढ़, मोहाली, बलटाना और जीरकपुर से पहुंची। विभिन्न सुखमनी साहिब सोसाइटियों, स्कूलों के बच्चों और भारी संख्या में संगत ने विशेष तौर पर भाग लिया।
आकर्षक झांकियां और पंज प्यारों की अगुवाई:नगर कीर्तन के सबसे आगे पांच पंज प्यारे चल रहे थे। इसके साथ ही, गुरु ग्रंथ साहिब जी की सुशोभित पालकी साहिब के अलावा गतका पार्टियां, बैंड पार्टियां और गुरु नानक देव जी व दसों गुरुओं के जीवन पर आधारित सुंदर झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कीर्तनी जत्थे लगातार गुरु यश का गायन करते हुए चल रहे थे।नगर कीर्तन का मार्ग और स्वागत:नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, सेक्टर 7, पंचकूला से शुरू होकर सेक्टर 7, 8, 9, 10, 11, गुरुद्वारा सेक्टर 12 और रैली चौक से होता हुआ गुरुद्वारा साहिब सेक्टर 15 में संपन्न हुआ। नगर कीर्तन जिस भी मार्ग से गुजरा, वहां का पूरा माहौल गुरुमय हो गया और संगत वाहेगुरु वाहेगुरु के जाप में लीन दिखाई दी। नगर कीर्तन के स्वागत के लिए मार्ग में जगह-जगह जलपान के स्टॉल लगाए गए थे।आगामी धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा:गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, सेक्टर 7, पंचकूला के प्रधान कंवर पाल सिंह ने जानकारी दी कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में 22 नवंबर को सुबह 9:30 बजे श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ होंगे, जिनका भोग 24 नवंबर सुबह 10 बजे डाला जाएगा। 24 नवंबर को 10 बजे से 3 बजे तक धार्मिक दीवान सजाए जाएंगे गुरु का लंगर दोपहर 1:00 बजे से अटूट बरतेगा।







