पांचवा आयाम ( जसबीर/ सच कीरत सिंह)अयोध्या : मंडलायुक्त राजेश कुमार के निर्देश पर अयोध्या मंडल में एलएसडी समेत अन्य पशु रोगों से बचाव, शत-प्रतिशत टीकाकरण और निराश्रित गोवंशों के संरक्षण को लेकर मंडल स्तरीय समीक्षा की गई। आयुक्त सभागार में हुई बैठक में अधिकारियों को गोआश्रय स्थलों की नियमित निगरानी और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने कहा कि गोवंशों का संरक्षण केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और मानवीय दायित्व से जुड़ा विषय है। हर निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय, पर्याप्त चारा और समय पर उपचार मिलना सुनिश्चित किया जाए। बीमारी की रोकथाम के लिए टीकाकरण में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए और किसी स्तर पर लापरवाही न हो। गोआश्रय स्थलों में कमजोर, बीमार और अशक्त गोवंशों की विशेष देखभाल को प्राथमिकता दी जाए। बैठक में 100 से कम गोवंश वाले आश्रय स्थलों को बंद कर गोवंशों को समीपवर्ती बड़े आश्रय स्थलों में स्थानांतरित करने तथा छोटे संरक्षण केंद्रों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। चारागाह भूमि पर पर्याप्त हरे चारे की बुवाई, नर-मादा तथा अशक्त/बीमार गोवंशों को अलग रखने और एफएमडी-एचएस टीकाकरण की शत-प्रतिशत अपलोडिंग सुनिश्चित कराने को भी कहा गया। कृत्रिम गर्भाधान के निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।






