तरनतारन, (तानिया रोहिल्ला) : जिले के नौशहरा पन्नूआं गांव में शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अजमीत सिंह के रूप में हुई है। उसका नाम वर्ष 2022 में सरहाली थाने पर हुए रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (RPG) हमले के मामले में सामने आया था। वह इस मामले में बठिंडा जेल में बंद रहा था और फिलहाल जमानत पर बाहर आया हुआ था। जानकारी के मुताबिक अजमीत सिंह गांव के सरकारी अस्पताल के बाहर मौजूद था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और उस पर गोलियां चला दीं। हमले में गंभीर रूप से घायल अजमीत सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस जांच में अजमीत सिंह का नाम 9 दिसंबर 2022 को सरहाली थाने पर हुए RPG हमले के दौरान सामने आया था। उस समय रात करीब 11:18 बजे दो नाबालिग हमलावरों ने थाने की इमारत को RPG-26 से निशाना बनाया था। घटना के बाद पंजाब पुलिस ने इस मामले में विदेश से संचालित नेटवर्क से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करने का दावा किया था। इसी मामले में अजमीत सिंह को गिरफ्तार किया गया था और वह बठिंडा जेल में बंद था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी। अजमीत सिंह की हत्या के पीछे क्या वजह रही, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपराधिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। एसपी इन्वेस्टिगेशन डॉ. रिपुतापन सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।







