पंचकूला, (तानिया रोहिल्ला)। महाभारत कालीन ऐतिहासिक कांसला देवी माता की आरती का विमोचन यहां मंदिर परिसर में किया गया। कांसला देवी निर्माण एवं सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान अध्यक्ष जगदीश व नरेश सैनी ने बताया कि प्रयोग फाउंडेशन सामाजिक संस्था के अध्यक्ष संजीव शर्मा मानकटबरा के सहयोग से तैयार की गई माता की आरती को मंदिर के पुजारी महंत कमलनाथ योगी ने लिखा है जबकि प्रसिद्ध भजन गायिका सविता गर्ग सावी ने अपनी आवाज में गाया है। आरती की एडिटिंग रिद्धम शर्मा ने की है।उन्होंने बताया कि आरती में मां कांसला देवी के इतिहास तथा इस मंदिर के महत्व का वर्णन किया गया है। मंदिर परिसर में आज आयोजित कार्यक्रम के दौरान आरती का विमोचन करने के बाद इसे अब रोजाना सुबह-शाम मंदिर में चलाया जा रहा है। भजन गायिका सविता गर्ग ने कहा कि वह इससे पहले सैकड़ों मंचों पर अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं। यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें यह आरती गाने का अवसर मिला है।






