पांचवां आयाम पंचकूला. (दिव्या राणा): हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) के प्रबंध निदेशक सुशील सारवान ने सोमवार को पंचकूला इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पंचकूला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PCCI) कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीसीसीआई पदाधिकारियों एवं उद्योगपतियों के साथ बैठक कर औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की।बैठक के दौरान सुशील सारवान ने आश्वासन दिया कि इंडस्ट्रियल एरिया की आवश्यक नागरिक सेवाओं को नगर निगम को हस्तांतरित करने से संबंधित आधिकारिक पत्र अगले ही दिन जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सड़कों की मरम्मत सहित अन्य आवश्यक विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू करवाए जाएंगे, ताकि उद्योगों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।पीसीसीआई के चेयरमैन अरुण ग्रोवर ने बैठक में इंडस्ट्रियल एरिया की खराब सफाई व्यवस्था, जर्जर सड़कों तथा अनधिकृत मीट मार्केट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के कारण उद्योगपतियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।अरुण ग्रोवर ने बताया कि पीसीसीआई का प्रतिनिधिमंडल हाल ही में पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल से भी मिला था। मेयर ने भरोसा दिलाया है कि जैसे ही सेवाओं के हस्तांतरण संबंधी पत्र प्राप्त होगा, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और अन्य विकास कार्यों को तेजी से शुरू कर दिया जाएगा।बैठक के अंत में पीसीसीआई ने उम्मीद जताई कि एचएसआईआईडीसी और नगर निगम के बेहतर समन्वय से पंचकूला इंडस्ट्रियल एरिया का जल्द कायाकल्प होगा और क्षेत्र के उद्योगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।







