अयोध्या( जसबीर/सच कीरत सिंह)पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, फिटनेस और मनोबल को नई मजबूती देने की दिशा में बुधवार को पुलिस लाइन्स अयोध्या में आधुनिक इनडोर बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। मण्डलायुक्त राजेश कुमार और पुलिस महानिरीक्षक सोमेन वर्मा ने इस पहल के साथ पुलिस बल में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।मण्डलायुक्त राजेश कुमार ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण और सकारात्मक सोच का आधार हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाएं पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से अधिक सक्षम बनाएंगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता और जनसेवा दोनों सशक्त होंगी।पुलिस महानिरीक्षक सोमेन वर्मा ने कहा कि पुलिस सेवा में फिटनेस और मानसिक संतुलन सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यह आधुनिक इनडोर बैडमिंटन कोर्ट पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रखने, टीम भावना को मजबूत करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। इससे पुलिस बल में नई ऊर्जा और बेहतर कार्य संस्कृति का विकास होगा।इस दौरान अधिकारियों ने प्रस्तावित इनडोर बैडमिंटन कोर्ट की रूपरेखा का अवलोकन कर निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस बल में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा आधुनिक खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि यह पहल पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, मनोबल और सेवा दक्षता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।







