पांचवा आयाम
पंचकूला : (प्रीति धारा) -वन महोत्सव के उपलक्ष्य में गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, सेक्टर-1, पंचकूला के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ द्वारा महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शैलजा छाबड़ा ने गुड़हल का पौधा रोपित कर किया। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया। इस अवसर पर गुड़हल, आँवला, जामुन, शहतूत, नीम एवं आम के पौधे लगाए गए।अपने संबोधन में प्राचार्य डॉ. शैलजा छाबड़ा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।एनएसएस इकई एक के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ भविष्य की आधारशिला भी हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से पौधारोपण को नियमित जनभागीदारी का अभियान बनाने का आग्रह किया।एनएसएस इकाई दो की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृति ने भी स्वयंसेवकों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के समापन पर सभी स्वयंसेवकों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित परिसर के निर्माण तथा एक पेड़ माँ के नाम अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।






