पांचवा आयाम ( जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या:उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने सोमवार को सफेदाबाद यार्ड का निरीक्षण कर रेल परिचालन, संरक्षा और ट्रैक अनुरक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने यार्ड में चल रहे Track Alignment कार्य का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।सफेदाबाद यार्ड के बाराबंकी छोर पर प्वाइंट संख्या 30-बी और 31-ए के बीच रेल पथ को निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त करने के लिए विशेष टर्नआउट मशीन से अनुरक्षण कार्य किया गया। मशीन की मदद से प्वाइंट एवं क्रॉसिंग क्षेत्र में ट्रैक का सही संरेखण, पैकिंग और लेवलिंग सुनिश्चित किया गया।कार्य को सुरक्षित एवं सुचारु ढंग से पूरा करने के लिए 14:30 से 16:30 बजे तक दो घंटे का ब्लॉक लिया गया। रेल पथ के इस सुधार से ट्रैक की गुणवत्ता और संरक्षा मजबूत होगी तथा ट्रेनों का परिचालन अधिक सुरक्षित, सुचारु और निर्बाध बनाने में मदद मिलेगी।समर्थ गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, उत्तर रेलवे लखनऊ, ने बताया कि ट्रैक अनुरक्षण एवं अलाइनमेंट से जुड़े कार्य रेल परिचालन की संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित मानकों के अनुसार कराए जा रहे हैं। तकनीकी मशीनों के उपयोग से ट्रैक की गुणवत्ता बेहतर करने के साथ परिचालन को सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है।









