पंचकूला के सेक्टर-16 स्थित इंदिरा कॉलोनी में ड्यूटी पर तैनात पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और होमगार्ड जवान से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए होमगार्ड जवान मोहित कुमार के साथ हाथापाई की। इस दौरान आरोपी ने जवान की वर्दी के बटन तोड़ दिए और मोबाइल फोन से उसके सिर पर कई वार किए। घटना में जवान के सिर पर चोटें आईं, जबकि उसका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया।जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम एक व्यक्ति को समन देने के लिए सेक्टर-16 की इंदिरा कॉलोनी की तरफ जा रही थी। कॉलोनी में रास्ता संकरा होने के कारण पुलिसकर्मियों को अपना वाहन सड़क पर खड़ा करना पड़ा और इसके बाद वे पैदल ही संबंधित व्यक्ति तक पहुंचने के लिए आगे बढ़ रहे थे।इसी दौरान रास्ते में एक युवक सामने से आया और पुलिसकर्मियों के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगा। बताया जा रहा है कि युवक नशे की हालत में था। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि युवक ने अपना व्यवहार और अधिक आक्रामक कर दिया तथा होमगार्ड जवान मोहित कुमार के साथ हाथापाई शुरू कर दी।वर्दी के बटन तोड़े, मोबाइल से सिर पर किए वारआरोप है कि मारपीट के दौरान युवक ने होमगार्ड जवान की वर्दी पकड़ ली और उसके बटन तोड़ दिए। इसके बाद आरोपी ने अपने मोबाइल फोन से जवान के सिर पर कई वार किए। अचानक हुए इस हमले में जवान के सिर पर चोटें आईं। वहीं, मारपीट के दौरान जवान का मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी के साथ हुई इस घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।लोगों ने आरोपी को पकड़ लियाघटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि गुस्साए लोगों ने आरोपी की पिटाई भी कर दी। स्थिति को संभालते हुए पुलिसकर्मियों ने आरोपी को भीड़ के बीच से बाहर निकाला और उसे हिरासत में लेकर सेक्टर-16 पुलिस चौकी पहुंचाया।इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस की ओर से आरोपी के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, मारपीट करने तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।कोर्ट में पेशी के बाद न्यायिक हिरासत में भेजाइस मामले को लेकर जब सेक्टर-16 पुलिस चौकी इंचार्ज सिंह राज से बात की गई तो उन्होंने बताया कि आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद अदालत में पेश किया था। अदालत में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।







