गुडग़ांव (तानिया रोहिल्ला)। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत नौकरियों के नाम पर भाजपा सरकार ने युवाओं को धोखा दिया है। इन नौकरियों को लेकर जब नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र ङ्क्षसह हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से सवाल पूछा, लीगल स्टेट्स मांगा तो सरकार घिर गई। सरकार बैकफुट पर आ गई।पंकज डावर ने कह कि नेता प्रतिपक्ष के सवाल के जवाब में प्रदेश की विधानसभा में मुख्यमंत्री ने कहा-यह बिल्कुल ठीक है कि यह कोई जॉब नहीं है। यह वैकल्पिक व्यवस्था है। एचकेआरएन का इतना ही मतलब है। मुख्यमंत्री के इस दो लाइन के जवाब से हरियाणा के उन करोड़ों युवाओं के सपने चकनाचूर हो गए जो एचकेआरएन के तहत खुद को नौकरी मिली माने बैठे थे। मुख्यमंत्री बड़ी शान से कह रहे हैं कि यह सरकारी जॉब नहीं है। विधानसभा चुनाव से पहले इस बात को प्रचारित किया गया कि एचकेआरएन में युवाओं को पक्की नौकरी दी गई है। चुनाव होने के बाद कहा गया कि 1.25 लाख युवाओं को पक्का कर दिया है। पंकज डावर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार के झूठ और फरेब का पर्दाफाश करने का काम किया है। उन्होंने कहा है कि जो युवा एचकेआरएन के तहत लगाए गए हैं, उनको पक्का, रेगुलर किया जाए। आगे रेगुलर भर्तियां निकाली जाएं।पंकज डावर ने कहा कि इससे शर्म की बात किसी राज्य में क्या होगी कि सिर्फ वाट्सऐप मैसेज से युवाओं का रोजगार छीना जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश ही नहीं बल्कि देश की जनता के समक्ष इस बात का खुलासा किया है कि युवाओं को वाट्सऐप मैसेज भेजकर कहा जा रहा है कि उनका रोजगार खत्म। यानी मोबाइल पर एक मैसेज आया और युवा बेरोजगार हो गए। पंकज डावर ने भाजपा सरकार से सवाल किया कि गारंटियों के नाम पर वाहवाही लूटने वाली सरकार में क्या यही जॉब गारंटी है। झटके में युवाओं को सडक़ पर लाकर खड़ा कर दिया जा रहा है। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि भाजपा सरकार चाहे केंद्र में हो या हरियाणा में, इनकी उलटी गिनती शुरू हो चुकी है। धर्म, जाति की राजनीति के साथ भाजपा झूठ की राजनीति करके ज्यादा समय तक किसी को नहीं बहका सकती। डबल, ट्रिपल इंजन की सरकार कहकर विकास करने के झूठे वायदे और दावे करने वाली भाजपा को अब जनता सत्ता से बाहर करने को तैयार है।उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षण संस्थानों को भी जातीय रंग में रंगने का काम किया है। जिन छात्रों को आपस में कभी एक-दूसरे की जाति के बारे में नहीं पता होता था, वे एक साथ बैठकर पढ़ते, खाते थे। आज उन्हें जातियों में बांटकर भाजपा ने अपना विरोधी चेहरा दिखाया है। यह बताया है कि इनकी राजनीति जाति-पाति में बांटने से चलती है। पंकज डावर ने कहा कि अब जनता समझदार हो चुकी है। आज का युवा भाजपा के बहकावे में नहीं आएगा। अब भाजपा को चलता करने के लिए युवा तैयार हैं।









