अयोध्या( जसबीर/ सच कीरत सिंह):स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला विद्यालय वाहन परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय वाहनों की फिटनेस, वैध परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड किट, स्पीड गवर्नर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरे सहित सभी अनिवार्य सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की गई। बिना मानकों के संचालित विद्यालय वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक विद्यालय प्रबंधन यह सुनिश्चित करे कि बच्चों का आवागमन केवल निर्धारित मानकों वाले वाहनों से ही कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। बिना फिटनेस, परमिट अथवा अन्य आवश्यक अभिलेखों के संचालित विद्यालय वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही प्रत्येक वाहन में अधिकृत चालक एवं परिचालक की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विद्यालय प्रबंधन की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. आर.पी. सिंह ने बताया कि जिले में संचालित सभी विद्यालय वाहनों की चरणबद्ध एवं सघन जांच कराई जाएगी। फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र अथवा अन्य सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर संबंधित वाहन एवं विद्यालय के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों को सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि बच्चों का आवागमन पूरी तरह सुरक्षित और नियमबद्ध बनाया जा सके।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात), सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), जिला विद्यालय निरीक्षक, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में विद्यालय प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन से समन्वय स्थापित करते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और विद्यालय वाहन संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने का आह्वान किया गया।







