पांचवा आयाम (जसबीर/सच कीरत सिंह) अयोध्या सरयू के किनारे दीपों की कतारें जगमगाएंगी, राम की पैड़ी रोशनी से नहा उठेगी और आकाश में 2,100 ड्रोन भव्य आकृतियां बनाएंगे, तब अयोध्या का दीपोत्सव सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और रोशनी का ऐसा अनुभव होगा, जिसे देखने वाले लंबे समय तक याद रखेंगे।दीपोत्सव-2026 में देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को इस अनुभव से जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (यूपीएसटीडीसी) ने ‘दीपोत्सव अयोध्या’ नाम से तीन दिवसीय विशेष टूर पैकेज तैयार किया है। छह से आठ नवंबर तक चलने वाले इस पैकेज में दो रात और तीन दिन अयोध्या में ठहरने की व्यवस्था होगी। प्रति व्यक्ति पैकेज की कीमत 16,999 रुपये रखी गई है। अतिरिक्त दिनों तक रुकने वाले यात्री पैकेज को अपनी जरूरत के अनुसार कस्टमाइज करा सकेंगे।
इस बार रामनगरी में 30 लाख दीपों का प्रज्ज्वलन होगा। 2,100 बटुकों की सामूहिक सरयू आरती, 240 से अधिक मंदिर-मठों में दीप प्रज्ज्वलन, मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो दीपोत्सव की भव्यता बढ़ाएंगे। सात नवंबर को होने वाले ड्रोन शो के अलावा नौ नवंबर को भी आकाश में यह अद्भुत दृश्य देखने को मिलेगा।इस विशेष यात्रा में श्रद्धालुओं को राम से जुड़ी अयोध्या की आस्था को करीब से महसूस करने का अवसर मिलेगा। पैकेज के तहत श्री राम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन, दशरथ महल, नागेश्वर नाथ मंदिर और सीता की रसोई सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। शाम को सरयू आरती और दीपों से जगमगाती राम की पैड़ी का दृश्य यात्रा का खास हिस्सा होगा।
पहले दिन अयोध्या पहुंचने के बाद होटल में ठहरने और प्रमुख मंदिरों के दर्शन होंगे। दूसरे दिन नागेश्वर नाथ मंदिर, सीता की रसोई समेत अन्य स्थलों के दर्शन के बाद पर्यटक दीपोत्सव की रोशनी में सजी रामनगरी को देखेंगे। तीसरे दिन मंदिर दर्शन और स्थानीय बाजारों में खरीदारी के बाद यात्रा का समापन होगा। पर्यटक लाखों दीपों से रोशन घाटों और सड़कों की स्मृतियां अपने साथ लेकर लौट सकेंगे।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि विशेष पैकेज के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अयोध्या के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व से परिचित कराने के साथ दीपोत्सव की अलौकिक आभा का अनुभव कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बार फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, सरयू के नए घाट, एम्फीथिएटर और फूड कोर्ट जैसे नए आकर्षण भी पर्यटकों के लिए उपलब्ध होंगे। राम की पैड़ी पर विजिटर गैलरी और सेल्फी प्वाइंट, गुप्तार घाट का सौंदर्यीकरण और उधैला झील में ईको-टूरिज्म विकास भी यात्रा को नया अनुभव देंगे।अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव बीते वर्षों में वैश्विक पहचान बना चुका है। प्रयास है कि रामनगरी आने वाला हर पर्यटक यहां से आस्था, आनंद और दीपोत्सव की ऐसी अविस्मरणीय स्मृतियां लेकर लौटे, जिन्हें वह लंबे समय तक अपने मन में संजोकर रख सके।पैकेज में ट्विन-शेयरिंग होटल में ठहरने, निर्धारित भोजन और एसी वाहन से परिवहन की सुविधा शामिल है। बुकिंग के लिए यूपीएसटीडीसी ने 83030 19844 नंबर जारी किया है। वेबसाइट upstdc.co.in के माध्यम से भी जानकारी और बुकिंग की जा सकती है। 16,999 रुपये प्रति व्यक्ति की दर में जीएसटी अतिरिक्त होगा। व्यक्तिगत खर्च, स्मारकों के प्रवेश शुल्क, नाव की सवारी और पैकेज में उल्लेखित नहीं अन्य सेवाएं इसमें शामिल नहीं हैं।







