पांचवा आयाम ( जसबीर/सच कीरत सिंह)अयोध्या : शहर के व्यस्ततम और घनी आबादी वाले टकसाल चौक क्षेत्र स्थित प्राचीन श्रीराम जानकी मंदिर में चोरी की घटना से सनसनी फैल गई। मंदिर से अष्टधातु की मूर्ति समेत अन्य सामान गायब होने की शिकायत सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। श्री राम यश कीर्तन सभा के अध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी के अनुसार, मंदिर में पूजा के लिए पहुंचे मंदिर से अष्टधातु की मूर्ति समेत अन्य सामान गायब होने की जानकारी दी। बताया गया कि मंदिर में स्थापित अष्टधातु की मूर्ति वर्ष 1965 से संबंधित बताई जा रही है। चोरी की जानकारी मिलने के बाद सुनील कुमार द्विवेदी ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी और पुलिस को नामजद तहरीर भी दी। घटना की सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मंदिर परिसर तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर घटना से जुड़े संदिग्ध लोगों की पहचान और चोरी हुए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। ट्रस्ट के अध्यक्ष और स्थानीय निवासियों ने पुलिस से प्राचीन मंदिर से चोरी हुए सामान की शीघ्र बरामदगी तथा तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। घटना से जुड़े तथ्यों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।






