पांचवा आयाम (जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या : परिक्षेत्रीय कार्यालय अयोध्या के सोशल मीडिया सेल में तैनात आरक्षी शुभम अत्री के स्थानांतरण पर साथी पुलिसकर्मियों ने आत्मीयता और सम्मान के साथ विदाई समारोह आयोजित किया। इस दौरान माहौल भावुक हो गया। साथियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि खाकी की वर्दी में निभाया गया फर्ज और कर्तव्यनिष्ठा हमेशा अपनी अलग पहचान छोड़ती है। सोशल मीडिया सेल के प्रभारी उपनिरीक्षक रणजीत यादव ने शुभम अत्री के उत्कृष्ट कार्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह, पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, डायरी और पेन भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण कार्यक्षेत्र जरूर बदलता है, लेकिन सेवा के दौरान अर्जित सम्मान और साथियों का स्नेह हमेशा साथ रहता है। मुख्य आरक्षी पवन सिंह, संतोष कुमार, गुल्लूराम, संदीप सिंह, शैलेंद्र सिंह, विनोद कुमार तथा आरक्षी चन्द्रेश भारद्वाज ने भी उपहार भेंट कर शुभम अत्री को नए कार्यक्षेत्र के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर साथियों ने भावनात्मक शब्दों में कहा कि खाकी के इस सफर में शुभम ने अनुशासन और समर्पण से पुलिस परिवार का मान बढ़ाया है और आगे भी सेवा व समर्पण उनकी पहचान बने रहेंगे। विदाई समारोह में शुभम अत्री ने सभी अधिकारियों और साथी पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उनकी विदाई के पल इस संदेश के साथ यादगार बन गए कि विदाई केवल एक पड़ाव है, सफर अभी लंबा है; खाकी की शान, कर्तव्य और सेवा का जज्बा जहां भी रहें, हमेशा उनके साथ रहेगा।









