शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर से विधायक राकेश जम्वाल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि प्रदेश की बहुमूल्य सरकारी संपत्तियों का संचालन लगातार निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के द्वारका में 107 कमरों वाला हिमाचल निकेतन हिमाचल प्रदेश की जनता विद्यार्थियों और मरीजों की सुविधा के लिए बनकर तैयार हुआ था लेकिन अब इसके करीब 70 प्रतिशत हिस्से के संचालन रखरखाव और प्रबंधन के लिए निजी एजेंसी के चयन की निविदा जारी कर दी गई है। उन्होंने साफ किया कि हिमाचल निकेतन प्रदेश की जनता की संपत्ति है और इसे निजी हाथों में देने की तैयारी सरकार की कथनी और करनी के अंतर को उजागर करती है जिससे आम हिमाचलियों को मिलने वाली रियायती सुविधाओं को लेकर गंभीर अनिश्चितता पैदा हो गई है।राकेश जम्वाल ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐतिहासिक पीटरहॉफ वाइल्डफ्लावर हॉल और हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के 8 होटलों के निजी संचालन से जुड़े मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकताएं संदिग्ध नजर आ रही हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्रियों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि दिल्ली में स्थित हिमाचल भवन हिमाचल सदन और हिमाचल निकेतन जैसी संपत्तियों के निर्माण के पीछे मूल भावना व्यावसायिक लाभ कमाना नहीं बल्कि राजधानी आने वाले गरीब मरीजों और आम नागरिकों को सहारा देना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि हिमाचल निकेतन का संचालन पर्यटन विकास निगम के माध्यम से किया जाता तो प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होते लेकिन सरकार ने हिमाचली युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने को लेकर कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है और उसे जनता की सुविधाओं से ज्यादा केवल राजस्व कमाने की चिंता है।








