हरियाणा राज्य महिला आयोग ने एक बालिका के साथ कथित दुष्कर्म के गंभीर मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष ने फतेहाबाद जाकर बालिका से मुलाकात की। उन्होंने बालिका के गाँव जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर मामले का जायजा लिया। आयोग ने पुलिस से मामले की विस्तृत स्थिति रिपोर्ट और अब तक की गई कार्रवाई का पूरा विवरण माँगा है।अध्यक्ष ने बालिका का हाल जाना और वन स्टॉप सेंटर को उसकी समुचित देखभाल, सुरक्षा और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि बालिका को किसी भी प्रकार की अनावश्यक पूछताछ, मुलाकात या आवाजाही से परेशान न किया जाए। उसकी निजता, मानसिक स्थिति और गरिमा का हर स्तर पर पूरा ध्यान रखा जाए।अध्यक्ष ने पुलिस को सख्त हिदायत दी कि जाँच और विधिसम्मत कार्रवाई में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जाँच की जाए तथा जाँच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाए।अध्यक्ष ने पुलिस को यह भी निर्देश दिए कि यदि सोशल मीडिया या किसी अन्य डिजिटल मंच पर मामले से जुड़ी ऐसी अनावश्यक सामग्री प्रसारित हो रही है जिससे बालिका की पहचान, निजता या गरिमा प्रभावित हो सकती है, तो उसे हटवाने के लिए तत्काल विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।आयोग ने मीडिया प्रतिनिधियों से सम्मानपूर्वक अपील की है कि मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए बालिका की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखें। उसका नाम, तस्वीर, वीडियो, आवाज़ या ऐसा कोई भी विवरण प्रकाशित, प्रसारित या साझा न करें जिससे प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से उसकी पहचान उजागर हो सके। आयोग ने अनुरोध किया कि मामले से जुड़े अनावश्यक वीडियो बनाने या प्रसारित करने से भी बचें, ताकि बालिका के मन पर अतिरिक्त दबाव न पड़े और उसके सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव न हो।अध्यक्ष ने कहा कि बालिका की गरिमा और सुरक्षा की रक्षा करते हुए उसे न्याय दिलाना आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।






