पांचवा आयाम (हनुमान शरण पांडे):गोण्डा – जिला पंचायत सभागार में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित जिला अनुश्रवण समिति तथा कार्यक्रम विभाग से संबंधित जिला पोषण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जनपद में संचालित विभिन्न शैक्षिक एवं पोषण संबंधी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक के दौरान स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं एवं परियोजनाओं में शतप्रतिशत कार्य पूर्ण किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा योजनाओं की प्रगति से संबंधित समस्त सूचनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संबंधित पोर्टल पर अनिवार्य रूप से फीड कराना सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब को स्वीकार नहीं किया जाएगा।बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में नामांकन, छात्र उपस्थिति, डीबीटी, मध्यान्ह भोजन, शिक्षण गुणवत्ता, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाएं तथा शैक्षिक योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।







