पांचवा आयाम ( जसबीर/सच कीरत सिंह):अयोध्या:सरयू तट पर पानी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले दीपक कुमार सिंह की मौत के बाद सामने आए उनकी पत्नी मनीषा देवी के भावुक वीडियो बयान ने पूरे मामले को चर्चा के केंद्र में ला दिया है। नया घाट चौकी क्षेत्र के कच्चा घाट पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान हुई इस घटना को लेकर जहां मृतक का परिवार निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहा है, वहीं पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।मृतक की पत्नी मनीषा देवी ने वीडियो बयान में आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा दौड़ाए जाने के कारण उनके पति गिर पड़े, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि दीपक परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और अब छोटे-छोटे बच्चों सहित पूरे परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।उधर, नगर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वायरल वीडियो और उसमें लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराई गई। सीसीटीवी फुटेज एवं अतिक्रमण कर्मियों द्वारा द्वारा ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई अब तक की जांच में ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है जिससे वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक की पत्नी ने लिखित रूप से पोस्टमार्टम न कराने और किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने की इच्छा व्यक्त की थी, जिसके कारण पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।नगर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इसके बावजूद पुलिस किसी एक पहलू तक सीमित नहीं है। मामले के अन्य सभी तथ्यों और परिस्थितियों की भी गहन जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान कोई नया तथ्य या साक्ष्य सामने आता है तो उसके आधार पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा का माहौल है। कई लोगों का मानना है कि अतिक्रमण हटाने जैसी प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान मानवीय संवेदनाओं और सुरक्षा संबंधी सावधानियों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। वहीं, पूरे मामले में अंतिम स्थिति प्रशासनिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। सूत्रों के अनुसार मृतक की पत्नी बिहार जा चुकी हैअस्वीकरण: यह समाचार मृतक की पत्नी के वीडियो बयान, पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए आधिकारिक पक्ष तथा उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर तैयार किया गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो या उसमें किए गए किसी भी दावे की स्वतंत्र पुष्टि मीडिया संस्थान अथवा संवाददाता द्वारा नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है और अंतिम तथ्य संबंधित अधिकारियों की आधिकारिक जांच रिपोर्ट के आधार पर ही निर्धारित होंगे।







