पंचकूला, (दिव्या राणा):संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर धाम (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी से भरे कलश के साथ पंचकूला के अलीपुर गांव स्थित रविदास मंदिर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अजय मित्तल का पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धा के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर कालका की विधायिका शक्ति रानी शर्मा, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, महापौर श्याम लाल बंसल, चेयरमैन ओमप्रकाश देवीनगर, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष जसबीर सिंह जस्सा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।अलीपुर गांव स्थित रविदास मंदिर में पवित्र मिट्टी से भरे कलश की पूजा अर्चना के बाद समरसता संकल्प कलश यात्रा निकली गयी जो पंचकूला के विभिन्न गांव, कस्बों से होते हुए भाजपा मुख्यालय पंचकमल पहुंची। समरसता संकल्प कलश यात्रा के दौरान भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं आम नागरिकों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया एवं संत गुरु रविदास जी के जयघोष लगाए।जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने बताया कि पवित्र मिट्टी को पंचकूला के गांव – गांव तक पहुंचाकर तुलसी के पौधे के साथ विधिवत स्थापित किया जायेगा। इस दौरान संत-महात्माओं की उपस्थिति में गुरुवाणी, भजन संध्या, संत प्रवचन और सामाजिक समरसता के कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि रविदास जी की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी का पंचकूला आगमन समूचे क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए सौभाग्य की बात है।







