पांचवा आयाम (जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या 21 अक्टूबर को भारतीय सनातनी युवा शक्ति कॉन्क्लेव एंड अवार्ड्स 2026 में विशिष्ट अतिथि के रूप में होंगे शामिल अयोध्या। वर्दी में कर्तव्य निर्वहन के साथ शिक्षा की अलख जगाने वाले अयोध्या के उपनिरीक्षक रणजीत यादव ‘खाकी वाले गुरुजी’ को मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वर धाम में सम्मानित किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान के लिए उन्हें 21 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले भारतीय सनातनी युवा शक्ति कॉन्क्लेव एंड अवार्ड्स 2026 में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।
अयोध्या के परिक्षेत्रीय कार्यालय में नियुक्त रणजीत यादव पुलिस की जिम्मेदारियों के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों को मिलने वाली यह पहचान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए समर्पित लोगों के योगदान को रेखांकित करती है।
रणजीत यादव ने बताया कि आयोजन समिति की मनप्रीत कौर और डॉ. गौरव शर्मा की ओर से भेजा गया आमंत्रण उन्हें प्राप्त हो गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री होंगे। आयोजन में देश और समाज के लिए सराहनीय कार्य करने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।खाकी वाले गुरुजी’ के नाम से पहचान बनाने वाले रणजीत यादव की यह उपलब्धि बताती है कि वर्दी की जिम्मेदारी निभाने के साथ शिक्षा के माध्यम से भी समाज में बदलाव की राह बनाई जा सकती है। बागेश्वर धाम में मिलने वाला सम्मान उनके शैक्षिक प्रयासों को नई पहचान देने के साथ अयोध्या के लिए भी गौरव का विषय होगा।






