पंचकूला ( दिव्या राणा ): हरियाणा सरकार के नेतृत्व एवं हरियाणा वन विभाग के सहयोग से फॉरेस्ट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, पिंजौर में 23 जुलाई तक आयोजित होने वाले पर्यावरण जागरूकता एवं युवा संवाद कार्यक्रम का सफल शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम में प्रदेश के लगभग 21 विश्वविद्यालयों की युवा कल्याण समितियों से जुड़े 200 से अधिक विद्यार्थी प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महिपाल ढांडा, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भारत भूषण भारती, युवा कल्याण संयोजक श्री नरेंद्र तथा अन्य अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री नरेंद्र के स्वागत अभिभाषण से हुआ। उन्होंने युवा संवाद कार्यक्रम की विशेषताओं, उद्देश्यों और इससे होने वाले लाभों के बारे में विद्यार्थी प्रतिनिधियों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि श्री महिपाल ढांडा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वृक्षारोपण और संतुलित पर्यावरण के विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान चलाने तथा पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचने का आह्वान किया।
संवाद के दौरान उन्होंने युवाओं को कौशल विकास पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया और उन्हें प्रकृति प्रेमी बनने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं को देश की वास्तविक शक्ति बताते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाशक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और युवा अपने कठिन परिश्रम एवं समर्पण के माध्यम से देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस विद्यार्थियों को पिंजौर गार्डन का भ्रमण करवाया गया, जहां उन्हें क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक महत्व और पर्यावरणीय विशेषताओं से अवगत कराया गया।







