चंडीगढ़ (तानिया रोहिल्ला): जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग, चंडीगढ़ ने गोरखपुर के रैडिसन ब्लू होटल को एक सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी को 15 हजार रुपये मुआवजा देने का निर्देश दिया है। अधिकारी होटल के बाथरूम का लॉक खराब होने के कारण एक घंटे से अधिक समय तक अंदर फंसे रहे थे।यह आदेश सेक्टर-19 बी, चंडीगढ़ निवासी सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी आलोक कुमार रॉय की शिकायत पर सुनाया गया।शिकायत के अनुसार, रॉय फरवरी 2026 में एक समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होने गोरखपुर गए थे। उन्होंने 8 फरवरी 2026 को रैडिसन ब्लू होटल में एक रात के लिए कमरा बुक किया था, जिसके लिए 15,340 रुपये का भुगतान किया गया था।ठहरने के दौरान जब वह बाथरूम में गए तो दरवाजे का लॉक खराब हो गया और वह अंदर फंस गए। बाथरूम में फोन तो मौजूद था, लेकिन उसके साथ होटल के जरूरी नंबरों की कोई सूची या डायरेक्टरी नहीं रखी गई थी। इस कारण उन्हें काफी देर तक अलग-अलग नंबर मिलाने पड़े, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।रॉय ने आयोग को बताया कि वह वरिष्ठ नागरिक हैं और कंधे के पुराने दर्द तथा उच्च रक्तचाप से पीड़ित हैं। करीब डेढ़ घंटे तक बाथरूम में फंसे रहने से उन्हें तनाव, दर्द और घबराहट का सामना करना पड़ा। बाद में किसी तरह होटल स्टाफ से संपर्क हुआ और उन्हें बाहर निकाला गया।उन्होंने कहा कि इस घटना के कारण वह समारोह में तीन घंटे से अधिक देरी से पहुंचे, जिससे उन्हें शर्मिंदगी, असुविधा और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान हुआ।शिकायतकर्ता का दावा था कि उन्होंने कंपनी को ई-मेल के जरिए मामले की जानकारी दी थी और होटल प्रबंधन ने अपनी गलती और लापरवाही स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी थी।आयोग ने कहा कि रिकॉर्ड से यह स्पष्ट है कि होटल ने घटना पर खेद जताया था, लेकिन शिकायतकर्ता को हुई मानसिक पीड़ा और परेशानी के लिए कोई मुआवजा नहीं दिया गया।आयोग ने इसे सेवा में कमी मानते हुए होटल को शिकायतकर्ता को मानसिक प्रताड़ना और उत्पीड़न के लिए कुल 15 हजार रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया।
ईद-ए-मिलादुन्नबी पर गूंजा अमन का पैगाम, सपा नेताओं ने जुलूस-ए-मोहम्मदी का किया स्वागत
पांचवा आयाम (जसबीर/सच कीरत सिंह) अयोध्या:पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस ईद-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर फैजाबाद शहर में निकले जुलूस-ए-मोहम्मदी का समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।…







