चंडीगढ़ (तानिया रोहिल्ला) भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब की भगवंत मान सरकार को राज्य के बिजली क्षेत्र की बदहाली के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा है कि सरकार द्वारा अपने राजनीतिक हितों के लिए बिजली निगम को पहुंचाए गए वित्तीय नुकसान और कुप्रबंधन के कारण पंजाब को ब्लैकआउट का सामना करना पड़ रहा है। आज यहां जारी एक सोशल मीडिया संदेश में सुनील जाखड़ ने लिखा है, तथाकथित “इश्तिहारी” शिक्षा और स्वास्थ्य क्रांति के बाद अब आम आदमी पार्टी सरकार की झूठी बिजली क्रांति की सच्चाई भी उजागर हो गई है। न केवल उद्योगों को, बल्कि घरेलू आपूर्ति में भी लंबे-लंबे बिजली कट लग रहे हैं, जो इस सरकार के कुप्रबंधन और अपने राजनीतिक हितों के लिए बिजली निगम को पहुंचाए गए वित्तीय नुकसान का प्रमाण हैं। बिजली की कमी का असर राज्य की पूरी अर्थव्यवस्था पर पड़ रहा है और किसानों को दिन में तो क्या, रात में भी बिजली नहीं मिल रही, जबकि कमजोर मानसून के कारण सिंचाई के लिए बिजली की आवश्यकता अधिक है। आने वाला समय पंजाब के बिजली क्षेत्र के लिए और भी मुश्किलों भरा हो सकता है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत मान राज्य पर ध्यान देने के बजाय अपनी कुर्सी बचाने में लगे हुए हैं। सुनील जाखड़ ने कहा कि सरकार चुटकुलों से नहीं चला करती। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वास्तविक सरकारी कामकाज पर ध्यान न देने और बिजली निगम के वित्तीय ढांचे को अपनी सरकार की राजनीतिक जरूरतों के अनुसार ढालने की कोशिश के कारण ही ये हालात पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब पंजाब के लोगों को इस सरकार से हिसाब लेना है।







