रोहतक: भारतीय युवा कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर आज रोहतक में हरियाणा युवा कांग्रेस द्वारा प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
कार्यक्रम की शुरुआत हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया द्वारा भारतीय युवा कांग्रेस के ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके पश्चात युवाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई और वर्तमान समय में युवाओं के सामने मौजूद चुनौतियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।इस अवसर पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि भारतीय युवा कांग्रेस आगे भी युवाओं के अधिकारों, रोजगार, शिक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी तथा हर स्तर पर युवाओं की आवाज को बुलंद करने का कार्य करेगी।हरियाणा युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा भारतीय युवा कांग्रेस का इतिहास संघर्ष, सेवा और युवाओं की आवाज को मजबूती देने का रहा है। आज स्थापना दिवस के अवसर पर हम सभी युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह संकल्प लिया है कि युवाओं से जुड़े हर मुद्दे को मजबूती के साथ उठाएंगे। बेरोजगारी, शिक्षा, रोजगार के अवसर और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर युवा कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी।उन्होंने कहा कि देश का युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति है। युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और युवा कांग्रेस हर मंच पर उनके हक और अधिकारों के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सैकड़ों युवाओं ने कार्यक्रम में शामिल होकर भारतीय युवा कांग्रेस के स्थापना दिवस को उत्साह और जोश के साथ मनाया।इस अवसर पर मुख्य तौर पर मोहित मलिक, तन्मय चौधरी, कपिल बुक्कर, अजय हुड्डा एवं शुभम सैनी मौजूद रहे।







