चंडीगढ़,, (तानिया रोहिल्ला): चंडीगढ़ युवा दल के प्रधान विनायक बांगिआ ने चंडीगढ़ प्रशासन से शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल और बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।विनायक बांगिआ ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के साथ-साथ शहर की साफ-सफाई और ड्रेनेज व्यवस्था के लिए भी गंभीर समस्या बन रहा है। प्रशासन को चाहिए कि इस दिशा में केवल कागजी कार्रवाई न हो, बल्कि जमीनी स्तर पर विशेष ड्राइव चलाकर बाजारों, दुकानों, रेहड़ी-फड़ी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नियमित छापेमारी एवं जांच अभियान चलाया जाए।उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमों के अनुसार जुर्माना लगाया जाए, ताकि लोगों में कानून का डर और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी दोनों पैदा हों।चंडीगढ़ युवा दल के प्रधान ने प्रशासन से मांग की कि अखबारों, सोशल मीडिया, होर्डिंग्स और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए। विज्ञापनों के माध्यम से आम जनता और व्यापारियों को स्पष्ट संदेश दिया जाए कि सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल और बिक्री न करें, अन्यथा नियमों के तहत कार्रवाई एवं जुर्माना किया जाएगा।विनायक बांगिआ ने कहा कि चंडीगढ़ को स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने के लिए प्रशासन, व्यापारियों और आम जनता को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे प्लास्टिक की जगह कपड़े और पेपर बैग जैसे पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों का इस्तेमाल करें।







