(दिव्या राणा) : पंचकूला सेक्टर-6 में पूर्व महापौर कुलभूषण गोयल की ओर से आयोजित गणेश महोत्सव का बुधवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ समापन हुआ। तीन दिवसीय गणेश महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ में हिस्सा लिया। अंतिम दिन भगवान गणेश की प्रतिमा का इको फ्रेंडली विसर्जन किया गया। कुलभूषण गोयल ने अपने परिवार के साथ घर में बड़े टब में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा रखकर विधि-विधान से विसर्जन किया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। विसर्जन के दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन के दौरान कालका विधायक शक्तिरानी शर्मा, पंचकूला के मेयर श्याम लाल बंसल, कई पार्षदों और भाजपा नेताओं ने भी पहुंचकर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दीं। महोत्सव के दौरान भजन संध्या में श्रद्धालु भगवान गणेश के भजनों पर झूमते नजर आए। सुंदरकांड पाठ का भी आयोजन किया गया। अंतिम दिन सुबह पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण किया गया। कुलभूषण गोयल ने कहा कि भगवान श्री गणेश सभी के जीवन से विघ्न दूर कर सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली प्रदान करें। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखना भी सभी की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से गणेश प्रतिमा का इको फ्रेंडली तरीके से विसर्जन किया गया।






