पांचवा आयाम ( जसबीर/ सच कीरत सिंह)अयोध्या : हिंदी दिवस पर उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में सोमवार से राजभाषा पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। 14 से 28 सितम्बर तक चलने वाले इस आयोजन का उद्देश्य कार्यालयी कामकाज में हिंदी के सहज और प्रभावी प्रयोग के साथ भाषा के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को मजबूत करना है। पखवाड़े के दौरान मंडल के विभिन्न स्टेशनों और कार्यालयों में राजभाषा ज्ञान प्रश्नोत्तरी, तात्कालिक टिप्पणी, वाद-विवाद, सुलेख और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठकें भी होंगी। 28 सितम्बर को समापन के साथ मंडल कार्यालय में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देश की सभ्यता, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत की संवाहक है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से दैनिक कार्यों में अधिकाधिक राजभाषा हिंदी का प्रयोग करने का आह्वान किया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने कहा कि हिंदी हमारी कार्यसंस्कृति को सरलता और आत्मीयता से जोड़ती है। राजभाषा का सहज प्रयोग विचारों को स्पष्ट और प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाता है। भाषा का सम्मान केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर रोजमर्रा के कामकाज में दिखाई देना चाहिए। हिंदी के प्रति यह प्रतिबद्धता कार्यालय से समाज तक अपनी सकारात्मक छाप छोड़ती है।






