पांचवा आयाम ( जसबीर/ सच कीरत सिंह) अयोध्या भारतीय रेल के विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के 135 रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों से संवाद कर स्वच्छता व्यवस्था पर उनके सुझाव और फीडबैक लिए गए। अभियान दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों को स्वच्छ, सुंदर और यात्रियों के लिए बेहतर बनाना है।इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा और अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान ने स्टेशन निदेशक गौरव दीक्षित के साथ लखनऊ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से बातचीत की। अधिकारियों ने ट्रेन संख्या 12356 अर्चना एक्सप्रेस के वातानुकूलित और सामान्य श्रेणी के कोचों में पहुंचकर सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं और यात्रियों के सुझावों की जानकारी ली। यात्रियों से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील भी की गई।अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक नीलिमा सिंह के नेतृत्व में यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। वहीं वाराणसी जंक्शन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक बी.के. यादव और स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता के नेतृत्व में जनसंवाद आयोजित हुआ।लखनऊ मंडल के काशी, प्रयाग जंक्शन, सुल्तानपुर, अयोध्या कैंट, जौनपुर, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, उन्नाव और बाराबंकी जंक्शन समेत कुल 135 स्टेशनों पर रेलवे अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों ने यात्रियों से संवाद किया। इन कार्यक्रमों में यात्रियों से स्वच्छता व्यवस्था पर विचार जानने के साथ कचरे के उचित निस्तारण और रेलवे परिसर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग की अपील की गई।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सभी की साझा जिम्मेदारी है। रेलवे स्टेशन और ट्रेनें हमारी सामूहिक यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, इसलिए इन्हें स्वच्छ रखना प्रत्येक यात्री का कर्तव्य है। विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत यात्रियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को समझने का प्रयास किया गया है।उन्होंने यात्रियों से कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने और रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ रेल और सुंदर रेल का संकल्प तभी साकार होगा, जब रेलवे प्रशासन के साथ प्रत्येक यात्री भी अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।





