पांचवा आयाम,,( जसबीर/ सच कीरत सिंह )अयोध्या:शहर में अलग-अलग स्थानों पर बंद मकानों को निशाना बनाकर ताला तोड़ चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह का कोतवाली नगर पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में लाखों रुपये मूल्य के आभूषण, नकदी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोटर, कॉपर वायर समेत चोरी का बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया गया है। वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और एक ई-रिक्शा भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर श्रीयश त्रिपाठी की देखरेख में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा तथा उनकी सहयोगी टीम ने सर्विलांस टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार सुबह जीआईसी तिराहे के निकट तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम गौड़ उर्फ अमिष्ट गौड़, हिमांशू गौड़ और अनुराग यादव उर्फ गोलू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इनके कब्जे से सोने की बालियां, चांदी की पायल, 12 हजार रुपये नकद, एलईडी टीवी, डीवीआर, ड्रिल मशीनें, समरसेबल मोटर, इलेक्ट्रिक मोटर, कॉपर वायर, गैस सिलेंडर तथा अन्य चोरी का सामान बरामद हुआ है।पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों के शहर के विभिन्न इलाकों में बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात सामने आई है। तीनों के विरुद्ध पहले से भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।कोतवाली नगर पुलिस और सर्विलांस टीम की इस संयुक्त कार्रवाई को हाल के दिनों में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







