ऑपरेशन सिंदूर और राफेल सौदे पर मंत्री जगत सिंह नेगी के बयान से विधानसभा में भारी हंगामा, विपक्ष का वाकआउट और टिप्पणी कार्यवाही से हटाई गई

धर्मशाला के तपोवन में चल रहे हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान गुरुवार को राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा राफेल लड़ाकू विमान सौदे और सैन्य अभियान ऑपरेशन सिंदूर पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर सदन के भीतर और बाहर जोरदार सियासी संग्राम छिड़ गया। विपक्ष ने इस बयान को भारतीय सेना के अदम्य शौर्य का घोर अपमान बताते हुए मंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग की और स्थगन प्रस्ताव लाकर नारेबाजी करते हुए सदन से वाकआउट कर दिया, वहीं हंगामे के बीच आसन पर मौजूद सभापति संजय रतन ने मंत्री की सेना से जुड़ी विवादित टिप्पणी को विधानसभा की कार्यवाही से हटाने के कड़े निर्देश जारी किए।इस पूरे विवाद की शुरुआत बुधवार को नियम 67 के तहत भ्रष्टाचार पर चर्चा के दौरान हुई, जब किन्नौर से पांच बार के विधायक और वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने राफेल विमान की कीमत 700 करोड़ से बढ़कर 2300 करोड़ रुपए होने का आरोप लगाते हुए कहा कि क्या वह कोई सोने और चांदी का जेट था तथा क्या उस विमान ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए बल्कि उल्टे अपने ही छक्के छूट गए। गुरुवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही इस मुद्दे पर हंगामा मच गया और विपक्ष ने स्थगन प्रस्ताव लाकर वाकआउट किया।सदन से वाकआउट करने के बाद विपक्षी विधायकों ने विधानसभा परिसर के बाहर जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा कि सुक्खू सरकार का एक मंत्री पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गया है जो संविधान की शपथ लेकर संवैधानिक पद पर बैठने के बावजूद देश की सेना के खिलाफ बोल रहा है। उन्होंने कहा कि मंत्री ने न केवल सेना में भ्रष्टाचार के अनर्गल आरोप लगाए बल्कि ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भी असहनीय टिप्पणी की जिसे दुर्भाग्यपूर्ण रूप से रिकॉर्ड किया गया। जयराम ठाकुर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस मामले में मंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक माफी नहीं मांगी गई तो विपक्ष फिर से सदन की कार्यवाही स्थगित करने के लिए मजबूर होगा, क्योंकि सेना का मनोबल घटाने वाले देशविरोधी बयानों को संरक्षण देना बेहद निंदनीय है।
मामले के तूल पकड़ने पर संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सदन में बचाव करते हुए कहा कि मंत्री का उद्देश्य सेना का अपमान करना नहीं था बल्कि वे केवल राफेल सौदे की कीमतों पर अपनी बात रख रहे थे, जबकि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने इस मुद्दे पर केवल इतना कहकर पल्ला झाड़ लिया कि वास्तविकता सभी जानते हैं। दूसरी तरफ राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी अपने बयान पर पूरी तरह कायम रहे और उन्होंने माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया।

⚡ SHARE THIS POST
  • Related Posts

    कुरुक्षेत्र में CM नायब सैनी और स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव कवरेज का किया विमोचन

    चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवम गीता मनीषी सवामी ज्ञाना नंद जी महाराज ने आगामी 5 दिसंबर से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के अथक प्रयासों से पहली बार…

    बालिका से कथित दुष्कर्म के मामले में आयोग ने लिया संज्ञान, अध्यक्ष ने फतेहाबाद जाकर बालिका से की मुलाकात

    हरियाणा राज्य महिला आयोग ने एक बालिका के साथ कथित दुष्कर्म के गंभीर मामले में स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष ने फतेहाबाद जाकर बालिका से मुलाकात की। उन्होंने…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *