पांचवा आयाम ( जसबीर/सच कीरत सिंह)अयोध्या:जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बीते वर्ष और वर्तमान वर्ष में हुई सड़क दुर्घटनाओं, मृतकों एवं घायलों की संख्या तथा दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने एनएच-27 (लखनऊ-गोरखपुर मार्ग) तथा अयोध्या-लखनऊ मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर ओवरहेड बोर्ड, दिशा-सूचक एवं यातायात संकेतक लगाने के निर्देश दिए, ताकि वाहन चालकों को गति सीमा, मार्ग और अन्य यातायात संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध हो सके।उन्होंने सड़कों पर खुले मैनहोल एवं गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने, बाजार क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार मार्गों का चौड़ीकरण करने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।रामपथ से श्रीराम मंदिर तक संचालित गोल्फ कार्ट सेवा की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित एजेंसियों एवं चालकों के साथ बैठक कर यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनौरा अंडरपास के समीप आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा, ताकि आवागमन सुरक्षित और निर्बाध बना रहे।
स्कूली वाहनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयी वाहनों का शीघ्र सत्यापन कराने तथा निर्धारित मानकों पर खरे न उतरने वाले वाहनों का तत्काल संचालन बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओमनी वैन एवं ई-रिक्शा से बच्चों का विद्यालय आना-जाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।







