पांचवा आयाम (जसबीर/सच कीरत सिंह) : अयोध्याअवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मवई पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार करते हुए हरियाणा से लाई जा रही 839 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक कार, दो मोबाइल फोन तथा 2500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी रुदौली के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत अवैध शराब तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी में संलिप्त किसी भी गिरोह को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में मवई पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के करीब 3:35 बजे दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मो. हफीजुर रहमान तथा सोहेल खान, निवासी न्यू कॉलोनी चिल्मापुर, आजाद चौक, रुस्तमपुर, थाना रामगढ़ताल, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।पुलिस ने उनके कब्जे से Royal Green Classic Blended Whisky की 750 एमएल की 224 बोतलें एवं 375 एमएल की 615 बोतलें, कुल 839 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब, एक कार (BR06BY0945), दो मोबाइल फोन तथा 2500 रुपये नकद बरामद किए। इस संबंध में थाना मवई में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों अभियुक्तों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मवई पुलिस की इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे अवैध कारोबार में लिप्त गिरोहों में हड़कंप मच गया है।







