मोहाली (तानिया रोहिल्ला) : फेज-10 स्थित प्रमुख शॉपिंग मॉल के सह-मालिक के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को देर रात पीछा करने के बाद काबू कर लिया। शनिवार तड़के सेक्टर-51 में पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी को गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, आरोपी मलोया का रहने वाला है और पुलिस सेक्टर-79 से उसका पीछा कर रही थी। बताया जा रहा है कि जब आरोपी सेक्टर-51 में चंडीगढ़ की सीमा में दाखिल हुआ तो पुलिस ने उस पर गोली चलाई। गोली उसके कंधे में लगी, लेकिन वह मौके से भागने में कामयाब रहा और बाद में मोहाली के एक अस्पताल में भर्ती हो गया। सूत्रों के मुताबिक, पीछा किए जाने के दौरान आरोपी ने अपनी एसयूवी गलत दिशा में दौड़ा दी। इस दौरान सेक्टर-51 स्थित पेट्रोल पंप के पास एक वाहन को टक्कर लगने से वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी पर मोहाली के एक शॉपिंग मॉल के दोनों सह-मालिकों को निशाना बनाकर की गई फायरिंग की दो घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। सोमवार को कारोबारी बलजीत सिंह के फेज-10 स्थित घर पर कथित तौर पर रंगदारी के लिए छह गोलियां चलाई गई थीं। इससे तीन दिन पहले कारोबारी के साझेदार को भी गोलीबारी के जरिए धमकाने की घटना सामने आई थी। इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने भी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के मुताबिक, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद चंडीगढ़ पुलिस उसे अपनी हिरासत में लेगी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर दोनों फायरिंग की घटनाओं और कथित रंगदारी के प्रयास से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी।







