छह साल पहले रोजगार की तलाश में बंगाल से गुड़गांव आए एक युवक ने कुछ दिन निजी अस्पताल में काम कर दवाओं की जानकारी ली और अपना क्लीनिक खोलकर मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने लगा। स्वास्थ्य विभाग को जैसे ही इसकी सूचना मिली तो तुरंत ही एक टीम का गठन कर मौके पर रेड की और कथित डॉक्टर को उस वक्त काबू कर लिया जब यह मरीजों का इलाज कर रहा था। टीम ने आरोपी के कब्जे से न केवल स्वास्थ्य जांच के उपकरण बल्कि दवाओं सहित लैब टेस्ट रिपोर्ट व ब्लड जांच के उपकरण भी बरामद किए हैं। फिलहाल बजघेड़ा थाना पुलिस को शिकायत देकर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया है।स्वास्थ्य विभाग अधिकारी डॉ लोकवीर सिंह सीएमओ की मानें तो सूचना के आधार पर यह रेड की गई। जब टीम निहाल कॉलोनी की यादव मार्केट में बने मैसर्स डॉक्टर बंगाली जनता सेवा क्लीनिक पर पहुंची तो यहां कथित डॉक्टर सुकुमार बिश्वास मरीजों का इलाज कर रहा था। इस पर टीम ने अपनी पहचान उजागर करते हुए उससे मेडिकल संबंधित डिग्री मांगी जिसे वह पेश नहीं कर पाया। इस पर टीम ने उसे काबू करते हुए उसके कब्जे से न केवल स्वास्थ्य जांच के उपकरण बल्कि भारी मात्रा में दवाएं, मरीजों की ब्लड टेस्ट रिपोर्ट के साथ ही ब्लड टेस्ट से संबंधित उपकरण भी बरामद किए गए। पुलिस को शिकायत देकर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी के पास कोई डिग्री ही नहीं है वह महज 12वीं पास है और छह साल पहले रोजगार की तलाश में पश्चिम बंगाल के नदिया जिले से गुड़गांव में रोजगार की तलाश में आया था। यहां उसने कुछ दिनों तक एक निजी अस्पताल में नौकरी करते हुए काम सीखा और दवाओं की जानकारी होने के बाद उसने निहाल कॉलोनी में क्लीनिक खोल लिया और मरीजों के स्वास्थ्य की जांच करने लगा। यहां से बरामद उपकरण और दवाओं को सील कर कब्जे में लिया गया है। आरोपी को बजघेड़ा थाना पुलिस के हवाले करते हुए उसके खिलाफ शिकायत दे दी गई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है.
आयुष, खेल एवं शिक्षा विभाग द्वारा ताऊ देवी लाल स्टेडियम में योग आसन प्रतियोगिता का आयोजन
पंचकूला, 9 जून : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य एवं आयुष मंत्री सुश्री आरती सिंह राव एवं महानिदेशक आयुष विभाग श्री संजीव वर्मा के निर्देशानुसार 21 जून…






