पांचवा आयाम ( जसबीर/सच कीरत सिंह) अयोध्या:तारुन क्षेत्र में बुजुर्ग दंपती के साथ हुई चेन लूट की वारदात ने इलाके में चिंता बढ़ा दी थी। बदमाशों ने तमंचा सटाकर दंपती को भयभीत किया और चेन लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, सीडीआर और बीटीएस से सुराग जुटाए और आखिरकार वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटी गई सोने की चेन, तमंचा, दो कारतूस और पल्सर बाइक बरामद की गई है।तारुन पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपियों की गतिविधियों और घटना में इस्तेमाल वाहन पर लगातार नजर रखी गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस ने मोहित वर्मा निवासी कोल्हमपुर विसेन, नवाबगंज, गोंडा तथा अमर निषाद उर्फ डमरू निवासी दुल्लापुर, नवाबगंज, गोंडा को गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक मोहित वर्मा के खिलाफ गोंडा में आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। तारुन थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ लूट और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमा दर्ज है।वारदात में शामिल तीसरा आरोपी रामबाबू निषाद निवासी मल्लाहन का पुरवा दुल्लापुर, नवाबगंज, गोंडा अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बलवंत चौधरी और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक तारुन लालचन्द्र सरोज के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रितेश सिंह, अंशुल वर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।बुजुर्ग दंपती को भयभीत कर छीनी गई चेन की बरामदगी से पुलिस ने मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे गिरोह की भूमिका और सामने आने की उम्मीद है।







