पंचकूला,(ब्यूरो) :- वार्ड नंबर 7 स्थित राजीव कॉलोनी से लगते नाले की सफाई का कार्य नगर निगम की ओर से कराया गया। सफाई कार्य के दौरान वार्ड पार्षद ज्योति प्रसाद स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे कार्य का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान पार्षद ज्योति प्रसाद ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नाले की सफाई पूरी गुणवत्ता के साथ समय पर की जाए, ताकि बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से स्थानीय लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि वार्ड के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है।स्थानीय निवासियों ने भी नाले की सफाई कराए जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से सफाई की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब नाले की सफाई होने से गंदगी और जलभराव जैसी समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।पार्षद ज्योति प्रसाद ने आश्वासन दिया कि वार्ड में सफाई व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाएगी और जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।









