आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स यूनियन हरियाणा (सीटू) के आह्वान पर आज भिवानी में महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री श्रुति चौधरी और पंचकुला में निदेशालय पर प्रदर्शनों की जोरदार कार्यवाही की गई। हजारों वर्कर्स और हेल्पर्स ने इसमें हिस्सेदारी की। पंचकुला में हुए प्रदर्शन को प्रमुख रूप से आंगनवाड़ी फेडरेशन की राष्ट्रीय महासचिव ऊषा रानी, सीटू प्रदेश महासचिव जयभगवान, उपाध्यक्ष सतवीर सिंह, यूनियन राज्य महासचिव उर्मिला रावत, सचिव बिजनेश राणा, उपाध्यक्ष शकुंतला, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश शास्त्री, जनवादी महिला समिति की प्रदेश अध्यक्ष सविता ने प्रमुख रूप से संबोधित किया। तमाम वक्ताओं ने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स का भयंकर शोषण कर रही है। फेस कैप्चर ऐप, ऑनलाइन के नाम पर लाभार्थियों को इस योजना से बाहर किया जा रहा है। आईसीडीएस योजना को स्थाई नहीं किया जा रहा। वर्कर्स और हेल्पर्स से भयंकर बेगार ली जा रही है। इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।
अतिरिक्त मुख्य सचिव शेखर विद्यार्थी की अध्यक्षता में यूनियन डेलिगेशन के साथ सरकार ने वार्ता की जिसमें विभाग की संयुक्त निदेशक राजबाला कटारिया और पूनम रमन शामिल रही और 16 सूत्रीय मांग पत्र पर करीब तीन घंटे वार्ता चली। यह वार्ता सिंचाई विभाग के पंचकुला मुख्यालय में हुई। वार्ता में कई मांगे स्वीकार की गई जो इस प्रकार से हैं। सुप्रीम कोर्ट के 2022 के निर्णय अनुसार आंगनवाड़ी वर्कर्स व हेल्पर्स को राज्य में ग्रेच्युटी दी जाएगी, इसके लिए फाइल चली हुई है, जल्द अप्रूवल मिलेगी। हड़ताल के दौरान बर्खास्त वर्कर्स और हेल्पर्स का मानदेय 30 जून तक जारी होगा। वर्कर्स को पदोन्नति की लिस्ट में शामिल रखा जाएगा। गुड़गांव, दादरी ओर अन्य जिलों में आंदोलन के दौरान दर्ज मुक़दमे रद्द हो चुके हैं, इसका पत्र राज्य से भेजा जाएगा। वर्दी का बकाया, इंधन, दलाई, पिसाई का बकाया का भुगतान 30 जून तक किया जाएगा। आंगनवाड़ी केंद्रों के किराए का भुगतान केंद्र सरकार की हिदायतों के अनुसार होगा और इसमें की गई लापरवाही पर जवाबदेही होगी। आंगनवाड़ी हेल्पर और वर्करों के पदों को भरने की प्रकिया जारी है अगले दो महीने में यह पूरी होगी क्योंकि अभी हेल्पर से पदोन्नत की गई वर्करों का समायोजन चल रहा है। केंद्र सरकार के मानदेय व केंद्रों के किराए का बकाया भुगतान तकनीकी कारणों के चलते लेट हो रहा है इसके भुगतान के लिए सरकार ने 2 महीने का समय मांगा है। मार्च तक का किराया वर्कर के ही खाते में आएगा। मार्च के बाद मकान मालिक के खाते में। भविष्य में जो सिस्टम बनाया जा रहा है, उसके तहत मानदेय व केंद्र का किराया सीधा रिजर्व बैंक से वर्करों और हेल्परों के खाते में आएगा। इसलिए इसमें लेट होने की संभावना नहीं होगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में राशन, गुणवत्तापूर्वक आए इसके लिए अब हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज के साथ समझौता हो गया है, भविष्य में राशन पहुंचने में देरी नहीं होगी और यह खराब भी नहीं मिलेगा। फोन भत्ता 2000 रुपए से बढ़ाकर 3600 रुपए करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार की अप्रूवल के लिए भेजा जायेगा।
आंगनवाड़ी वर्कर्स ओर हेल्पर्स की दुर्घटना या प्राकृतिक रूप से मृत्यु पर उनके आश्रितों को एच के आर एन कर्मियों, आशा वर्कर्स की तर्ज पर 3 लाख का मुआवजा मिलेगा। इसके अलावा प्रदेश की सभी आंगनवाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स का बैंक खाता एक ही सरकारी बैंक में खुलेगा। उन सब का बीमा होगा और रिटायरमेंट से पहले मृत्यु पर उनके आश्रितों को 40 लाख मुआवजा, नाबालिग दो बच्चों की 18 साल तक 10-10 लाख की एफ डी होगी व मृतक की बेटी की शादी पर 10 लाख रूपये मिलेंगे। इस बारे यूनियन ने इस बीमा के लिए सरकारी बैंक में सभी के खाते खोलने के लिए अलग से मांग दे दी है। ऑनलाइन काम न करने के चलते जींद के उचाना में 2023 से बर्खास्त वर्कर सुमन के मामले की अगले 10 दिन में जांच की जाएगी। यदि उनकी बर्खास्तगी गलत साबित हुई तो उनको पूरे बकाया वेतन के साथ उनकी बहाली की जाएगी।
अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री सुधीर विद्यार्थी ने कहा कि स्वीकृत मांगो को तय समय सीमा में लागू किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्व में या इन निर्णयों को लागू करने में विभाग के स्थानीय अधिकारियों द्वारा कोई ढिलाई या अनियमितता मिली तो विभागीय कार्यवाही करने में भी कोई संकोच नहीं होगा।
यूनियन ने वार्ता को काफी सकारात्मक बताया है। 26000 रूपये न्यूनतम वेतन लागू करने, आंगनवाड़ी वर्कर्स को तीसरे दर्जे व हेल्पर्स को चौथे दर्जे का कर्मचारी बनाने व अन्य मांगो को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ 10 जुलाई को मांग दिवस मनाया जाएगा और 10 अगस्त को प्रदेश भर की 48000 आंगनवाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स जिला स्तर पर गिरफ्तारियां देंगी और जेल भरेंगी। इस अवसर पर हुई सभा को यूनियन नेताओं सुनीता, सोना देवी, वीरो देवी, कृष्णा, मंजीत, सीटू नेताओं जगपाल राणा, श्रवण जांगड़ा, रमा, महीपाल सोढ़ी, रोशन लाल आदि ने भी संबोधित किया।







