कैबिनेट मंत्री सौंद ने सिविल अस्पताल खन्ना पहुंचकर घायल मनरेगा कर्मचारी का जाना हालचाल

चंडीगढ़/खन्ना (लुधियाना) (दिव्या राणा ):पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं खन्ना विधानसभा क्षेत्र से विधायक तरुनप्रीत सिंह सौंद बीती रात सिविल अस्पताल, खन्ना पहुंचे और घायल मनरेगा कर्मचारी सौदागर सिंह तथा डीएसपी खन्ना विनोद कुमार का हालचाल जाना। उन्होंने सिविल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनिंदर सिंह भसीन को निर्देश दिए कि दोनों का निःशुल्क एवं सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर सिविल एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी, मनरेगा कर्मचारी यूनियन के संरक्षक वरिंदर सिंह, अध्यक्ष गुरसेवक सिंह तथा अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पिछले लगभग 20 दिनों से मनरेगा कर्मचारियों के साथ लगातार बातचीत और बैठकें चल रही हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की वर्तमान स्थिति का मुख्य कारण केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना को बंद कर नई योजना लागू करना है। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों ने अपने जीवन के कई वर्ष मनरेगा योजना के लिए समर्पित किए हैं और नई व्यवस्था में उन्हें उचित अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि मनरेगा कर्मचारियों ने नई योजना के अंतर्गत कार्य करने की इच्छा जताई है, बशर्ते उनकी जायज़ मांगों को स्वीकार किया जाए।सौंद ने कहा कि इस मुद्दे पर सरकार और मनरेगा कर्मचारियों के बीच कोई मतभेद नहीं है तथा पंजाब सरकार संवाद के माध्यम से हर समस्या का समाधान चाहती है।कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के स्पष्ट निर्देश हैं कि मनरेगा कर्मचारियों की बात पूरी सहानुभूति के साथ सुनी जाए और उनकी जायज़ मांगों का समाधान किया जाए। उन्होंने बताया कि वे आज चंडीगढ़ में अपनी बैठकों के बाद तुरंत खन्ना पहुंचे और मनरेगा कर्मचारियों के साथ एक घंटे से अधिक समय तक बैठक की। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर मनरेगा कर्मचारियों की जायज़ मांगों के संबंध में लिखित आश्वासन देने के निर्देश भी दिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उनकी सभी जायज़ मांगों का संवैधानिक एवं सहानुभूतिपूर्ण ढंग से समाधान किया जाएगा।इस अवसर पर मनरेगा कर्मचारी यूनियन, पंजाब के संरक्षक वरिंदर सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मनरेगा कर्मचारी पिछले 18 वर्षों से मनरेगा योजना के अंतर्गत सेवाएं दे रहे हैं और उनकी मुख्य मांग सरकार द्वारा रोजगार उपलब्ध कराया जाना है।उन्होंने कहा कि कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद स्वयं सिविल एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ सिविल अस्पताल, खन्ना पहुंचे तथा घायल कर्मचारियों के निःशुल्क और बेहतर उपचार के निर्देश डॉक्टरों को दिए।वरिंदर सिंह ने बताया कि इससे पहले कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद के आवास पर उनकी मांगों को लेकर लगभग एक घंटे तक विस्तृत बैठक हुई। बैठक में मंत्री ने विभागीय अधिकारियों से बातचीत कर जायज़ मांगों को लिखित रूप में प्रस्तुत करने तथा उनके समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश दिए और सकारात्मक समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सभी जायज़ मांगों का समाधान आपसी बातचीत के माध्यम से किया जाएगा और मनरेगा कर्मचारी यूनियन कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद द्वारा दिए गए आश्वासन से पूरी तरह संतुष्ट है।इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) खन्ना डॉ. दर्पण आहलूवालिया, उपमंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) खन्ना स्वाति टिवाणा, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) डॉ. मनिंदर सिंह भसीन सहित सिविल एवं पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा मनरेगा कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

⚡ SHARE THIS POST
  • Related Posts

    कला चेतना पंचकूला की भजन संध्या में HCS अधिकारी आशुतोष राजन मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल

    पंचकूला (दिव्या राणा): कला चेतना पंचकूला और दिशा मार्ग द्वारा आयोजित भजन संध्या-2026 श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम में हरियाणा सिविल सर्विस (HCS) के…

    हरियाणवी संस्कृति को सहेजने की अनूठी पहल

    झज्जर : (राजकुमार):आधुनिकता की तेज रफ्तार में जहां हमारी पुरानी जीवनशैली, रीति-रिवाज और पारंपरिक रहन-सहन धीरे-धीरे अतीत की यादों में सिमटते जा रहे हैं, वहीं हरियाणवी संस्कृति की अनमोल विरासत…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *