पांचवा आयाम (जसबीर सच/ कीरत सिंह) अयोध्या:गणेश उत्सव, दुर्गा पूजा और विसर्जन कार्यक्रमों को लेकर अयोध्या पुलिस ने सुरक्षा तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। नगर पुलिस अधीक्षक चक्रपाणि त्रिपाठी सीओ सिटी यश त्रिपाठी ने क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी, सिटी सर्किल के थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के साथ गोष्ठी कर त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए दिशा-निर्देश दिए।नगर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। जुलूस मार्गों, पूजा स्थलों और विसर्जन क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ भीड़ प्रबंधन पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी और किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।सीओ सिटी त्रिपाठीने त्योहारों के दौरान भीड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन समितियों के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित मार्गों और प्रशासनिक निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखने को कहा।क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष तिवारी ने कोतवाली नगर, कैंट और रामजन्मभूमि थाना क्षेत्र सहित संबंधित चौकियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने विसर्जन के दौरान घाटों और भीड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा सूचना तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए। पुलिस टीमों को छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा।गोष्ठी में थाना कोतवाली नगर, थाना कैंट और थाना रामजन्मभूमि के प्रभारी निरीक्षक तथा संबंधित चौकी प्रभारी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों की आस्था और उल्लास के बीच शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।









