भाजपा पंचकूला जिला संगठन 29 जुलाई, दिन बुधवार को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा मुख्यालय पंचकमल के अटल सभागार में जिला अध्यक्ष अजय मित्तल की अध्यक्षता में जिले के दोनों विधानसभाओं की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को सम्बोधित करते हुए अजय मित्तल ने कहा कि गुरु रविदास जी के जीवन, उनके सामाजिक समरसता, समानता एवं मानव कल्याण के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा। बैठक में कालका विधायिका शक्ति रानी शर्मा, असंद से विधायक योगेंद्र राणा, चेयरमैन अमरपाल राणा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, कालका परिषद चेयरमैन कृष्ण लांबा, पूर्व महापौर कुलभूषण गोयल, जिला महामंत्री भवनजीत सिंह, जय कौशिक, वाइस चेयरमैन नरेश सेन, जिला प्रवक्ता संजीव कौशल, बीएलए 1 राजेंद्र नूनीवाल, पूर्व जिला अध्यक्ष विशाल सेठ, अजय शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष बबली शर्मा, पार्षद परमजीत कौर, भाजपा नेत्री रंजिता मेहता सहित अन्य प्राधिकारी उपस्थित रहे।इस मौके पर अजय मित्तल ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर जिले भर में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं जन जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी कार्यकर्ता धार्मिक, आध्यात्मिक गुरुजनो, विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में अध्यापन कार्य में संलग्न अथवा सेवानिवृत्त शिक्षकों से भेंट कर उन्हें सम्मानित करेंगे एवं आशीर्वाद लेंगे। अजय मित्तल ने बताया कि गुरुपूर्णिमा पर आयोजित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक नियुक्ति के तहत ओमप्रकाश भोला को जिला संयोजक, सुदेश बिड़ला, कुलदीप गढ़ी एवं ज्योति प्रसाद को जिला सहसंयोजक नियुक्त किया गया है। गुरु पूर्णिमा एवं महर्षि वेदव्यास जयंती कार्यक्रम के लिए जिला उपाध्यक्ष सुरेश वर्मा और जिला महामंत्री भवनजीत सिंह सूदन को ज़िम्मेदारी दी गयी है।इस मौके पर कालका विधायिका शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने समाज को जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता एवं भाईचारे का संदेश दिया, जो आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संत-महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को सम्मान देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गुरु रविदास जयंती का आयोजन भी सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम बनेगा।इस मौके पर एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष जसबीर सिंह जस्सा ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा एवं मंदिरों में दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा।जिला अध्यक्ष अजय मित्तल ने जिले के सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में गुरुपूर्णिमा एवं जयंती कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।







