फतेहगढ़ साहिब, (तानिया रोहिल्ला): जिले में एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में माथा टेककर चंडीगढ़ लौट रहे पति-पत्नी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतकों की पहचान धर्मवीर सिंह और उनकी पत्नी शशि बाला के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक हादसा गांव आलमपुर के नजदीक हुआ। दोनों स्कूटी पर सवार होकर अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना बस्सी पठाना की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। जांच अधिकारी हरपिंदर सिंह के अनुसार, हादसे में शामिल ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक दलजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी हादसे के बाद मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।







