पंचकूला,(दिव्या राणा) अमरावती एनक्लेव स्थित बनरखड़ी दुर्गा मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। मंदिर में तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। मंदिर परिसर को जन्माष्टमी उत्सव के लिए विशेष रूप से सजाया जा रहा है। मंदिर प्रबंधन की ओर से बताया गया कि 3 से 5 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 5 बजे से श्री कृष्ण जन्माष्टमी की भव्य झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। वैस्ट बंगाल ग्रुप की ओर से तैयार की जा रही ये झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। झांकियों में भगवान श्री कृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को दर्शाया जाएगा।4 सितंबर को शाम 8 बजे से रात 12 बजे तक प्रसिद्ध भजन गायक शोभित रोहिल्ला द्वारा कृष्ण भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। भजन संध्या के दौरान भगवान कृष्ण के भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय होगा और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।इसके अलावा 5 सितंबर को शाम 5 बजे से नन्द उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भगवान कृष्ण के जन्म की खुशी में विशेष धार्मिक कार्यक्रम होंगे। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से इन सभी कार्यक्रमों में परिवार सहित पहुंचकर भगवान कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।मंदिर के प्रबंधक एवं पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल ने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित की जा रही झांकियां विशेष रूप से आकर्षक और देखने लायक होंगी। उन्होंने कहा कि मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में शामिल होकर जन्माष्टमी उत्सव की खुशियों में सहभागी बनने का आह्वान किया। मंदिर प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं को सहपरिवार श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है






