पंचकूला : (राजकुमार) भाजपा 26 नवंबर को प्रदेश भर में व्यापक स्तर पर संविधान गौरव दिवस’ मनाएगी। भाजपा हरियाणा द्वारा इस आयोजन को लेकर प्रदेश स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पंचकूला स्थित भाजपा मुख्यालय ‘पंचकमल’ में आयोजित प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि भाजपा संविधान दिवस को प्रदेश के सभी बूथों पर मनाएगी। पंचकूला के जैनेन्द्र गुरुकुल स्कूल में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम की प्रदेश संयोजक लतिका शर्मा, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, प्रदेश सह संयोजक विशाल सेठ, वरिंदर गर्ग, जिला मीडिया प्रभारी के. चन्दन, जिला महामंत्री जय कौशिक मौजूद रहे। पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए श्री बेदी ने बताया की संविधान गौरव दिवस का उद्देश्य संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीम राव आंबेडकर के प्रति कृतज्ञता और संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करना है। पत्रकारों से बात करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बाबा साहेब के संविधान के अनुरूप देश चलाने का काम कर रहे है। वहीं कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दल संवैधानिक मूल्यों का उल्लंघन कर रही है। बाबा साहेब के बनाए कानून का उल्लंघन सबसे ज्यादा कांग्रेस पार्टी ने किया। बाबा साहेब के विरोध के बावजूद कांग्रेस ने धारा 370 और 35A को लागू करने का काम किया था, जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने हटाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के प्रति कांग्रेस का रवैया हमेशा से नकारात्मक रहा है। कांग्रेस ने दिल्ली में बाबा साहेब के अंतिम संस्कार की अनुमति तक नहीं दी, स्मारक का विरोध किया, संसद के सेंट्रल हॉल में बाबा साहेब की तस्वीर नहीं लगने नहीं दी और दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न की उपाधि नहीं दी। प्रधानमंत्री नेहरू ने तत्कालीन लोकसभा चुनाव में बाबा साहब के खिलाफ प्रचार करने का काम किया था। कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियों पर कटाक्ष करते हुए श्री बेदी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष संविधान को हाथ में लहराते है और प्रधानमंत्री मोदी बाबा साहेब के संविधान को अपने दिल में रखते है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब को अपना आदर्श मानने वाली पार्टियां तुष्टिकरण की राजनीति करती है। समानता का सिद्धांत देने वाले बाबा साहेब के नए नए अनुवायी असमानता को बढ़ावा देने के लिए ‘तिलक तराजू और तलवार’ जैसे घृणित नारे लगाते है, वहीँ प्रधानमंत्री मोदी सबका साथ सबका विश्वास की बात करते है।







